रीवा, 18 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर गुरुवार शाम बीहर नदी रिवर फ्रंट के पचमठा घाट पर 51 हजार आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए गए। रिवर फ्रंट के साथ बने बीहर नदी के सुंदर घाट पर रोशन हजारों दीपों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद और जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6.40 बजे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
शुक्ल ने कहा कि आर्थिक और राजनीतिक महाशक्ति के तौर पर विश्व मंच पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को बड़ी प्रतिष्ठा दिलाई है। हाल में हुए ब्रिक्स सम्मेलन के प्रस्ताव इसका प्रमाण हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गरीब कल्याण की योजनाओं से लाभान्वित रीवा जिले के लाखों हितग्राहियों ने आशीर्वाद के दीप जलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनर्घनत्वीकरण योजना से तैयार सुंदर रिवर फ्रंट और पचमठा धाम में जलते हजारों दीप विकास की तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि देशभर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों ने रक्तदान कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और पीड़ित मानवता की सेवा में योगदान दिया।
बीहर नदी के किनारे सुंदर आकृति में सजाए गए दीप लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सैकड़ों हितग्राहियों ने भी आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए।
शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हवाई अड्डों, राजमार्गों, रेलवे और सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के जरिए हर घर नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने का संकल्प पेयजल की समस्या को समाप्त करने में मदद करेगा।
शुक्ल ने कहा कि नक्सलवाद के अंत, आतंकवाद के दमन और धारा 370 समाप्त करने जैसे फैसलों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने देश को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि शंकराचार्य जी के पंचमठ की पावन भूमि पर हजारों दीप जलाकर सभी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं, जो देश को सनातन एकता के सूत्र में जोड़ती है।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान बीहर तट पर दीपों की रोशनी ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। हजारों लोग सामूहिक बीहर आरती में शामिल हुए और प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में संत विजय ब्रह्मचारी, सांसद जनार्दन मिश्र, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पांडेय, संगठन प्रभारी विजय दुबे के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव एवं रीवा जिले के प्रभारी अधिकारी केसी गुप्ता, कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
















