अनूपपुर, 18 सितंबर।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान अधिकारी संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखें। जनसेवा में संवेदनशीलता ही सुशासन की पहचान है और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
यह बात वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने जनपद पंचायत जैतहरी की ग्राम पंचायत पपरेड़ी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में कही। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देश और प्रदेश की प्रगति के लिए लगातार काम कर रहे हैं। शिविर में ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को पात्र लोगों की समस्याओं का नियमानुसार जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि जिले के विकास के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और आमजन विकास प्रक्रिया में सहभागी बनें। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के दौरान मिले आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और लोगों के बीच योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाए, ताकि पात्र हितग्राही उनका उचित लाभ ले सकें।
विभिन्न विभागों ने लगाई प्रदर्शनी
शिविर में राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन और कृषि सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों की जानकारी दी। नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के बारे में बताया गया। सेवा एवं जानकारी से जुड़े स्टॉल के माध्यम से भी लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ
शिविर में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन, विकासखंड जैतहरी के माध्यम से नगद साख के तहत स्व-सहायता समूहों की दीदियों को आजीविका संवर्धन गतिविधियों के लिए 88 लाख रुपये दिए गए। संबल अनुग्रह सहायता योजना और कर्मकार अनुग्रह सहायता योजना के तहत एक-एक हितग्राही को सहायता मिली।
संबल योजना के पांच हितग्राहियों को पंजीयन प्रमाण-पत्र दिए गए। राजस्व विभाग ने तीन हितग्राहियों को भूमि पट्टे प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के चार हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। सामाजिक न्याय विभाग की ओर से चार हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन के स्वीकृति पत्रक दिए गए। योजनाओं का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने प्रसन्नता जताई।
शिविर में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, विधायक अनूपपुर बिसाहूलाल सिंह, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, पूर्व अध्यक्ष रामदास पुरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, हितग्राही और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















