सतना, 18 सितंबर।
मध्य प्रदेश के सतना शहर के कामता टोला में शुक्रवार दोपहर एक पन्नी कारोबारी के तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत धुएं तथा लपटों से घिर गई। हादसे के दौरान ऊपरी मंजिलों पर पांच लोग फंस गए थे। इनमें दो बच्चे छत पर और तीन लोग दूसरी मंजिल पर मौजूद थे। पुलिस, प्रशासन, दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मकान की दीवारों में भी दरारें पड़ गईं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के कई मकानों को एहतियातन खाली कराया। आग बुझाने के दौरान दमकल वाहन का हाइड्रोलिक सिस्टम खराब होने से कुछ समय के लिए राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, दोपहर में कामता टोला स्थित मकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई और इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया। आग का विकराल रूप देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मकान में मौजूद कुछ लोग समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन दो बच्चे छत पर फंस गए। दूसरी मंजिल पर अनिल कुशवाहा और दो महिलाएं भी आग तथा धुएं के बीच फंस गईं। ऊपरी मंजिलों पर लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल टीम और स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए।
छत पर फंसे दोनों बच्चों को पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद दूसरी मंजिल पर मौजूद अनिल कुशवाहा और दोनों महिलाओं को पुलिस तथा सुरक्षा टीम ने सीढ़ी की मदद से बाहर निकाला।
रेस्क्यू के दौरान मकान के अंदर धुआं इतना घना था कि बचाव दल को आगे बढ़ने में कठिनाई हो रही थी। आग की तेज गर्मी के कारण अंदर जाना भी जोखिम भरा था। इसके बावजूद टीम ने सावधानी बरतते हुए पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद पूजा सोंधिया, कमल सोंधिया और पवन कुशवाहा को एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
















