नई दिल्ली, 18 सितंबर।
देश में आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की बिक्री शुक्रवार से शुरू हो गई है। नए आईफोन को खरीदने के लिए दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के एप्पल स्टोर्स के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें नजर आईं। कई ग्राहक अपने पसंदीदा मॉडल को सबसे पहले हासिल करने के लिए रात से ही स्टोर के बाहर इंतजार करते रहे।
बिक्री शुरू होते ही दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल के एप्पल स्टोर में ग्राहकों की भीड़ जुट गई। दिल्ली के अलावा नोएडा के डीएलएफ मॉल स्थित एप्पल स्टोर पर भी नए डिवाइस खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मुंबई में जियो वर्ल्ड ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर के बाहर भी ग्राहकों की भारी भीड़ रही। बेंगलुरु में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स खरीदने के लिए लोग स्टोर के बाहर कतार में खड़े दिखाई दिए।
मुंबई के एक ग्राहक ने बताया कि वह रात 10 बजे से लाइन में खड़े हैं और उन्हें सुबह 8 बजे का पहला स्लॉट मिला है। बेंगलुरु के एक ग्राहक ने आईफोन लॉन्च को त्योहार जैसा बताया। दिल्ली के एक ग्राहक ने कहा कि वह 18 प्रो मैक्स 1टीबी लेने पहुंचे हैं और इसकी पहले ही बुकिंग कर चुके हैं।
आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये रखी गई है। वहीं, आईफोन 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये है। पहली बार नए प्रो मॉडल बिक्री के पहले दिन से ही भारत में तैयार किए गए हैं। चेन्नई स्थित इकाई में इनका उत्पादन हुआ है और यहां से इन्हें वैश्विक बाजारों के लिए भेजा जा रहा है।
















