भोपाल, 18 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता केजीपी12 द्वारा चार शावकों को जन्म देने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि चीता संरक्षण की यात्रा अब नए पड़ाव पर पहुंच गई है। वर्ष 2022 में शुरू हुए इस अभियान के बाद मध्य प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार नन्हे शावक संरक्षण अभियान की सफलता, आशा और जीवटता का प्रतीक हैं। यह उपलब्धि बताती है कि कूनो का प्राकृतिक वातावरण चीतों के प्रजनन और संरक्षण के लिए अनुकूल हो रहा है। उन्होंने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
17 सितंबर 2022 को नामीबिया से आठ चीते कूनो लाए गए थे। फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और फरवरी 2026 में बोत्सवाना से नौ चीते भारत पहुंचे। भारत में जन्मे चीतों की संख्या अब 36 हो गई है।
चार नए शावकों के जन्म के बाद कूनो में चीतों की संख्या 53 और मध्य प्रदेश में कुल संख्या 56 हो गई है। कूनो के साथ गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य में भी चीता संरक्षण का विस्तार किया गया है। वन विभाग, विशेषज्ञ और पशु चिकित्सक चीतों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, निगरानी और आवास प्रबंधन में जुटे हैं।
















