भोपाल, 18 सितंबर।
मध्य प्रदेश में सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 और 10 अक्टूबर को विशेष आयोजन होंगे। ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ थीम पर प्रदेश के छह जिलों में बड़े मैदानों में विशाल मानव रंगोली तैयार की जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में नागरिक एक साथ शामिल होकर सेवा, राष्ट्रभावना, स्थानीय संस्कृति और विकसित भारत के संकल्प को मानव रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे।
भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और आलीराजपुर में होने वाले इन आयोजनों में जनभागीदारी को मुख्य आधार बनाया गया है। हजारों लोग तय स्वरूप में एक साथ खड़े होकर ऐसी जीवंत मानव रंगोली बनाएंगे, जिसे ऊपर से देखने पर एक विशाल चित्र और संदेश के रूप में देखा जा सकेगा। पूरे आयोजन को ड्रोन कैमरों से रिकॉर्ड किया जाएगा, जिससे जनभागीदारी का भव्य दृश्य सामने आएगा।
सेवा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश
‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ आयोजन का उद्देश्य सेवा को केवल किसी गतिविधि तक सीमित रखने के बजाय उसे सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। कार्यक्रम में स्थानीय कला और लोक संस्कृति को भी प्रमुखता दी जाएगी। मानव रंगोली के जरिए विकसित भारत के संकल्प और देश की प्रगति का संदेश भी प्रस्तुत किया जाएगा।
स्थानीय संस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक
आयोजन में मध्य प्रदेश की स्थानीय कला और लोक संस्कृति को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत करने की योजना है। मानव रंगोली बनने के दौरान ड्रोन से ऊपर से रिकॉर्डिंग की जाएगी। इससे छह जिलों में होने वाली जनभागीदारी का व्यापक दृश्य तैयार होगा और सेवा संकल्प का संदेश बड़े स्तर पर पहुंचाया जा सकेगा।
राज्य स्तर पर कार्यक्रम के नोडल मंत्री नागर सिंह चौहान होंगे। राज्य प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव जी.वी. रश्मि को दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। जनसंपर्क विभाग और संबंधित छह जिलों का प्रशासन आयोजन को पूरा करने में सहयोग करेगा।
















