नई दिल्ली, 19 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर 20वें रोजगार मेले में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी संगठनों में नियुक्त किए गए 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस अवसर पर वे नवनियुक्त युवाओं को संबोधित भी करेंगे।
रोजगार मेले का आयोजन देशभर के 45 स्थानों पर किया जाएगा। नियुक्त होने वाले युवा भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे।
इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय सहित अन्य सरकारी विभाग शामिल हैं।
रोजगार मेले को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उन्हें देश के विकास में अधिक भागीदारी का अवसर देने की सरकार की निरंतर पहल के रूप में देखा जा रहा है।
20वें रोजगार मेले के साथ विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की कुल संख्या करीब 12 लाख 75 हजार हो जाएगी।
















