मैहर, 19 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के ग्राम झिन्ना में शनिवार को तालाब में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक के डूबने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ तालाब के पास जुट गई और मुकुंदपुर पुलिस चौकी को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने के लिए खुद गहरे पानी में उतर गए।
पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के बाद तालाब में युवक की तलाश शुरू की। युवक के जीवित होने की उम्मीद में चौकी प्रभारी ने वर्दी उतारी और गहरे पानी में उतरकर काफी देर तक उसकी तलाश की। मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण भी हैरान रह गए।
मृतक की पहचान ग्राम झिन्ना निवासी राज दाहिया (21) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राज शनिवार सुबह शौच के लिए गांव के पास स्थित तालाब की ओर गया था। बताया गया कि उसे तैरना नहीं आता था। आशंका है कि तालाब के किनारे पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चला गया।
कुछ समय तक राज के घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे। इसी दौरान उसके तालाब में डूबने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
युवक का शव बाहर निकाले जाने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
















