रीवा, 19 सितंबर।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मध्य प्रदेश और विंध्य क्षेत्र में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। रीवा संभाग में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वन, जलप्रपात और मैहर, चित्रकूट व अमरकंटक जैसे धार्मिक स्थल पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी, पन्ना नेशनल पार्क, संजय टाइगर रिजर्व, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और संजय दुबरी अभयारण्य भी प्रमुख पर्यटन स्थल हैं।
उप मुख्यमंत्री शनिवार को रीवा में ‘मां तुझे सलाम’ योजना के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने योजना के तहत रीवा जिले के भ्रमण पर पहुंचे भोपाल संभाग के युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दो दिवसीय भ्रमण के दौरान युवा महामृत्युंजय मंदिर, संग्रहालय, व्हाइट टाइगर सफारी, पुरवा प्रपात और बसामन मामा गौ-अभयारण्य का भ्रमण करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने किया है।
शुक्ल ने कहा कि रीवा सड़क और रेल मार्ग से अच्छी तरह जुड़ा है। यहां पांच प्रमुख शहरों के लिए एटीआर-72 हवाई सेवा भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि रीवा में 750 मेगावाट का सोलर प्लांट है, जिससे उत्पादित बिजली दिल्ली मेट्रो में उपयोग होती है।
उन्होंने बसामन मामा गौ-अभयारण्य का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां नौ हजार से अधिक गोवंश को आश्रय देने के साथ प्राकृतिक खेती का मॉडल भी विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि गौपालन और प्राकृतिक खेती से आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य को बेहतर आधार मिल सकता है।
कार्यक्रम में संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी ने बताया कि दल में भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा और राजगढ़ के युवा शामिल हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।
















