ग्वालियर, 19 सितंबर।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 20 और 21 सितंबर को दो दिवसीय ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण करने के साथ जनसेवा और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दौरे में जल, टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग, चंबल पेयजल परियोजना, शहरी परिवहन, स्वास्थ्य और स्थानीय विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
20 सितंबर को सिंधिया सबसे पहले ग्वालियर के शब्द प्रताप आश्रम पहुंचकर साधु-संतों से आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद मुरैना के कोतवाल इंटेक वेल पहुंचकर चंबल पेयजल परियोजना का निरीक्षण करेंगे। यहां वे परियोजना की प्रगति और क्षेत्र में जल आपूर्ति से जुड़े विषयों की जानकारी लेंगे।
इसके बाद वे ग्वालियर में प्रस्तावित देश के पहले एकीकृत टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) के स्थल का जायजा लेंगे। केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार के बीच जुलाई 2026 में इस परियोजना को लेकर समझौता हुआ था। इसका उद्देश्य टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास तथा नवाचार के लिए एकीकृत औद्योगिक वातावरण तैयार करना है।
टीएमजेड के निरीक्षण के बाद सिंधिया राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न बैठकों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे।
21 सितंबर को वे महाराज बाड़ा स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग और आपागंज ब्रिज क्षेत्र में एलिवेटेड रोड फेज-2 का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद आरोग्य मेले में शामिल होने के साथ बेला की बावड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों के कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
सिंधिया न्यू कलेक्ट्रेट रोड पर निर्माणाधीन नए कार्यालय भवन का भी निरीक्षण करेंगे। प्रवास के अंतिम चरण में वे विभूति सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
















