शहडोल, 19 सितंबर।
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में रोहनिया टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह बुलेट और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क पर पलट गई और बुलेट सवार घायल हो गया।
हादसे के दौरान कार चालक वाहन के अंदर फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। घायल बुलेट सवार को भी लोगों की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार बुलेट सवार गोहपारू से शहडोल की ओर जा रहा था। इसी दौरान शहडोल से गोहपारू की तरफ जा रही कार रोहनिया टोल प्लाजा के पास पहुंची और दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई और बुलेट सवार गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल घायलों की स्थिति को लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
















