ग्वालियर, 19 सितंबर।
ग्वालियर जिले में घरेलू गैस के अवैध इस्तेमाल और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। इसी अभियान के तहत अधिकारियों ने मुरार जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम बेरजा में दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान विनायक गैस रिपेयरिंग दुकान पर अवैध रूप से रखे गए कई गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
निरीक्षण के दौरान आरोपी जितेंद्र पाल की दुकान से भारत पेट्रोलियम के 13 भरे और 2 खाली सिलेंडर तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम का एक खाली सिलेंडर मिला। कुल मिलाकर मौके से 16 घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित रूप से स्थानीय गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला आपूर्ति नियंत्रक अरविंद सिंह भदौरिया के अनुसार इस अवैध कारोबार में शामिल संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में जिला अधिकारियों के साथ अन्य सहायक आपूर्ति अधिकारी भी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
















