सिवनी, 22 सितंबर।
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे जमीन बिक्री से मिली राशि को लेकर चल रहा पैसों का विवाद सामने आया है। आरोपित ने हत्या के बाद शव को जंगल में फेंक दिया था।
पुलिस मीडिया अधिकारी देवेंद्र जायसवाल ने बताया कि ग्राम जिरेवाड़ा निवासी द्वारका मेश्राम ने 16 सितंबर को कुरई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके 75 वर्षीय पिता मनीराम मेश्राम 10 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे से लापता हैं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला था। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 418/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान 20 सितंबर को ग्राम रमली के जंगल में नालीनुमा स्थान पर प्लास्टिक की बोरी से ढका अज्ञात शव मिला। मृतक के पुत्र द्वारका मेश्राम और नाती शिवम ने शव की पहचान मनीराम मेश्राम के रूप में की। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण मेडिकल कॉलेज सिवनी की फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम से पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि मनीराम मेश्राम को आखिरी बार गांव के ही अखिलेश कावल के साथ देखा गया था। तकनीकी साक्ष्यों और संदेह के आधार पर पुलिस ने ग्राम जिरेवाड़ा निवासी 37 वर्षीय अखिलेश पुत्र अशोक कावल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अखिलेश ने बताया कि मनीराम मेश्राम ने अपनी जमीन 13 लाख रुपये में बेची थी। जमीन की बिक्री से मिली राशि को लेकर दोनों के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपित ने मनीराम की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रमली के जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने जांच और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 140(3), 103(1) और 238 बीएनएस का इजाफा किया है। आरोपित अखिलेश कावल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
















