जयपुर, 11 अप्रैल
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बारां जिले की अंता नगर पालिका में तैनात सहायक अभियंता महेन्द्र सिंह के पास से संदिग्ध हालत में बड़ी नकदी बरामद की। आकस्मिक जांच के दौरान उनके कब्जे से 3 लाख 70 हजार रुपये जब्त किए गए, जिससे विभागीय हलकों में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई एसीबी की करौली इकाई द्वारा अचानक की गई चेकिंग के दौरान सामने आई। मुख्यालय को प्राप्त गोपनीय सूचना में यह बताया गया था कि सहायक अभियंता महेन्द्र सिंह भारी मात्रा में संदिग्ध राशि लेकर हिण्डौन सिटी की ओर रवाना होने वाले हैं।
सूचना के आधार पर एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में करौली इकाई की टीम ने बयाना रोड, हिण्डौन सिटी पर घेराबंदी कर आकस्मिक जांच की। इसी दौरान महेन्द्र सिंह के पास से 3.70 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।
पूछताछ के समय अधिकारी इस राशि के स्रोत या उपयोग को लेकर कोई संतोषजनक जवाब अथवा प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पूरी नकदी को जब्त कर लिया गया और विस्तृत जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मामले की आगे की कार्रवाई एसीबी की वरिष्ठ निगरानी में जारी है, जबकि संबंधित अधिकारी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण की गहन जांच आगे बढ़ाई जाएगी।









.jpg)


