कोलकाता, 12 मई।
पश्चिम बंगाल विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ मंगलवार को तापस राय ने ली। राजभवन स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और नवनिर्वाचित विधायक उपस्थित रहे।
सूत्रों के अनुसार आगामी 15 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव प्रस्तावित है, और इस पद के लिए भी तापस राय के नाम पर विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी भी रही। बताया गया कि वे इससे पहले असम में मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे, जिसके बाद शाम को कोलकाता लौटकर सीधे कार्यक्रम में पहुंचे।
शपथ लेने के बाद तापस राय ने जानकारी दी कि बुधवार और गुरुवार को विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा, जिसके बाद 15 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा।
विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया है, जहां भवन और बैरिकेड्स पर रोशनी की व्यवस्था की गई है।
जानकारी के अनुसार, राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, हालांकि कुछ सीटों पर उपचुनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा दो-दो सीटों से निर्वाचित कुछ प्रमुख नेताओं के कारण बुधवार और गुरुवार को लगभग 290 विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। यह जिम्मेदारी प्रोटेम स्पीकर तापस राय निभाएंगे।
आगामी प्रक्रिया के तहत बुधवार को पहले चरण में मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के विजयी उम्मीदवार शपथ लेंगे, जबकि दूसरे चरण में शेष क्षेत्रों के विधायक शपथ ग्रहण करेंगे। गुरुवार को शेष जिलों के विधायकों का शपथ ग्रहण पूरा किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के बाद राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है।



.jpg)







.jpg)
