मैहर जिले में गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे-30 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। झुकेही चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने ढाबे में जा घुसी। हादसे में कार सवार यात्रियों समेत ढाबे पर मौजूद लोग घायल हो गए। दुर्घटना के चलते ढाबे में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, मां शारदा देवी के दर्शन कर कटनी लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और बागेश्वर ढाबे में घुस गई। हादसे के समय ढाबे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
इस दुर्घटना में नीलू सोनी, उर्मिला सोनी, रश्मि सोनी, आयशा सोनी, अनिल सोनी और अवनी सोनी सहित कुल सात लोग घायल हुए हैं। सभी घायल कटनी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की गति अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इधर, सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में नरवाई की आग की चपेट में आने से एक हाईवा वाहन जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि नहर निर्माण कार्य स्थल के पास खड़ा खराब हाईवा देर रात खेतों में लगी आग की चपेट में आ गया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई थी।
ग्रामीणों की सतर्कता से पास में खड़े दूसरे हाईवा में मौजूद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और हालात पर काबू पाया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।








.jpg)





