सिरसा, 12 मई।
सिरसा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हेरोइन, चूरापोस्त और अफीम बरामद की है। संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम गश्त के दौरान केलनिया रोड स्थित शमशाबाद पट्टी इलाके में मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस वाहन को देखकर अचानक मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए युवक की पहचान सिरसा निवासी लखबीर सिंह के रूप में हुई है।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने गांव केवल क्षेत्र से जगसीर सिंह नामक युवक को दो किलो चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को संदेह के आधार पर पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
इसी तरह शहर क्षेत्र में स्कूटी सवार अजीत सिंह को 176 ग्राम अफीम के साथ काबू किया गया। पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपितों के खिलाफ संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर आगे की पड़ताल शुरू कर दी है।
उधर, फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन मकान में हुई चोरी की वारदात का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता जसविंद्र सिंह ने निर्माणाधीन मकान से सामान चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। उससे पूछताछ जारी है, ताकि चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके।















