राजगढ़, 07 मई।
राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजगढ़ रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने बुधवार रात एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से इलेक्ट्रिक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार लोग घायल हो गए। इस घटना में महिला, एक बालिका और एक युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार पीपलबे आश्रम निवासी अमृतलाल मेवाड़े बुधवार रात अपने परिवार और परिचितों के साथ इलेक्ट्रिक ऑटो से ब्यावरा से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वाहन हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो नियंत्रण खो बैठा और उसमें बैठे लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में सुनीताबाई (30) पत्नी अमृतलाल मेवाड़े, उनकी 9 वर्षीय बेटी अनिता तथा 28 वर्षीय देवराज पुत्र रघुवीरसिंह राजपूत निवासी पीपलबे आश्रम को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं ऑटो चालक अमृतलाल और उसके दो छोटे बच्चों को मामूली चोटें लगी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












.jpg)