मध्य प्रदेश
23 Apr, 2026

चाणक्यपुरी चौराहे की खुदाई से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, कार्रवाई की तैयारी

चाणक्यपुरी चौराहे पर पाइपलाइन खुदाई के कारण लगातार जाम की स्थिति बनने पर प्रशासन ने जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इंदौर, 23 अप्रैल

शहर के चाणक्यपुरी चौराहे पर नर्मदा और अवंतिका गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई सड़क खुदाई के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बीते करीब पंद्रह दिनों से यहां प्रतिदिन जाम लग रहा है, जिससे आमजन को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।

गुरुवार सुबह स्थिति और अधिक बिगड़ गई, जब वाहन चालकों को एक से डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। इसका असर स्कूली बच्चों पर भी देखने को मिला, कई बसें समय पर नहीं पहुंच सकीं और ई-रिक्शा व दोपहिया वाहन आपस में उलझते नजर आए। सूचना मिलने पर पुलिस और ट्रैफिक अमला मौके पर पहुंचा और अधिकारियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ठेकेदार से खुदाई और अनुमति से जुड़े दस्तावेजों पर जवाब मांगा है। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ठेकेदार को थाने ले गई, जहां अनुमति संबंधी जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार गैस एजेंसी द्वारा पूरे चौराहे की खुदाई कर दी गई है और अब यह देखा जा रहा है कि इसके लिए वैधानिक स्वीकृति ली गई थी या नहीं। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी।

जाम का असर दूर-दूर तक दिखाई दिया। राजेंद्र नगर ब्रिज से तालाब क्षेत्र तक और केसरबाग ब्रिज से गोपुर चौराहे तक बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे। अन्नपूर्णा रोड पर भी कई स्थानों पर खुदाई के चलते यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिना ट्रैफिक डायवर्जन या वैकल्पिक व्यवस्था के की गई खुदाई ने परेशानी को और बढ़ा दिया है। उल्लेखनीय है कि ट्रैफिक अधिकारियों ने पहले ही कंपनी को संभावित जाम को लेकर सचेत किया था, इसके बावजूद सुधार नहीं किया गया। अब प्रशासन पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है और लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़