फिरोजाबाद, 11 मई
फिरोजाबाद जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और वाहन चोर गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दो बदमाश चोरी की बाइक के साथ मोढा से जमालपुर और मोती नगर जाने वाले तिराहे के पास किसी वारदात की फिराक में मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रसूलपुर टंकी क्षेत्र निवासी आसिफ के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने मौके से घायल आसिफ और उसके साथी इटावा निवासी योगेन्द्र कुमार उर्फ अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो चोरी की बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि घायल आरोपी का इलाज अस्पताल में चल रहा है और दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।











