उज्जैन, 09 अप्रैल।
उज्जैन में सिंहस्थ मेले के लिए चल रहे रोड चौड़ीकरण के काम के दौरान लगातार दो मकान गिरने की घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है। पहले सोमवार को गेबी हनुमान के पास तीन मंजिला मकान ढह गया था। इसके दो दिन बाद बुधवार देर रात फिर एक मकान गिरा, लेकिन किसी जनहानि की खबर नहीं है।
सिंहस्थ मेले के लिए चल रहे सड़क चौड़ीकरण के काम में वी.डी. क्लॉथ मार्केट से छोटी पुलिया तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क को विस्तारित किया जा रहा है। इस काम में 568 मकानों के हिस्सों को हटाया जा रहा है और लगभग 27 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग बन सके।
सोमवार को मकान गिरने के बाद आसपास के लोग एहतियातन होटल या किराए के मकानों में शिफ्ट हो गए थे। बुधवार रात मेडिकल व्यवसायी अनिल मेहता के मकान का एक हिस्सा भी गिर गया। मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन की मदद से पूरे मकान को सावधानीपूर्वक ढहा दिया गया।
मकान गिरने के समय तार टूटने से पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई, जिससे लोग अंधेरे में रात गुजारने के लिए मजबूर हुए। रहवासी लाला चाचा ने बताया कि रोड चौड़ीकरण का काम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सोमवार को जैसा अंदेशा था, वैसा ही बुधवार रात दूसरा मकान भी गिर गया। इसके बाद नगर निगम की टीम और स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभाला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी के भराव से मकानों की नींव लगातार कमजोर हो रही है। पोकलेन मशीन से खुदाई के दौरान नींव तक खोद दिया गया था और करीब एक महीने से पानी जमा होने की शिकायत कई बार नगर निगम को की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यही कारण है कि बुधवार को एक और तीन मंजिला मकान ढह गया।
उल्लेखनीय है कि गेबी हनुमान क्षेत्र से महाकाल मंदिर जाने वाला यह मार्ग प्रमुख है। समय रहते रहवासियों ने आवाजाही रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।






.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
