रायपुर, 09 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्ता पूर्ण बनाने के उद्देश्य से प्राचार्यों की राज्य स्तरीय बैठक आज पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज ग्राउंड, रायपुर में आयोजित की जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव करेंगे। राज्यभर के लगभग 751 विद्यालयों के प्राचार्य इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे।
बैठक के दौरान आगामी शिक्षा सत्र के लिए बोर्ड परीक्षा परिणामों के लक्ष्यों का निर्धारण किया जाएगा। इसके साथ ही एनईईटी और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की भागीदारी और सफलता बढ़ाने के लिए रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा होगी।
प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने, विद्यार्थियों की अंग्रेजी भाषा दक्षता सुधारने, पीटीए बैठकों की समीक्षा करने और पालकों एवं अधिकारियों की भूमिका को सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा।
सह-शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने, विद्यालयों में आधुनिक और आकर्षक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने, स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय के प्रभावी उपयोग, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार तथा नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय ने समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने जिलों के सभी प्राचार्यों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि बैठक के सभी प्रस्ताव प्रभावी ढंग से लागू किए जा सकें।






.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)