जिले में अवैध लकड़ी तस्करी पर कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम पर तस्करों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में वन विभाग के वाहन को ट्रक से टक्कर मार दी गई, जिसमें सवार चार कर्मियों में से तीन घायल हो गए।
सूचना के अनुसार वन विभाग कठुआ को गुप्त जानकारी मिली थी कि अवैध लकड़ी से लदे तीन वाहन जम्मू-कश्मीर से पंजाब की ओर जा रहे हैं। इस पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए गए। चढ़वाल क्षेत्र में संदिग्ध ट्रक दिखाई देने पर वन टीम ने उसका पीछा किया।
वाहन को रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक ने ट्रक की गति बढ़ा दी और वन विभाग की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में तीन कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें नरेश कुमार को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जीएमसी कठुआ में चल रहा है, जबकि अन्य दो कर्मियों को हल्की चोटें लगी हैं। टक्कर से वाहन की आगे की कंडक्टर साइड की खिड़की पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डीएफओ कठुआ अंकित सिन्हा ने बताया कि विभाग लगातार अवैध लकड़ी तस्करी पर कार्रवाई कर रहा है और पिछले चार दिनों में दस ट्रकों को जब्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि तस्करों की यह हरकत उनकी घबराहट को दर्शाती है और उन्हें किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। रात के समय नाके लगाकर कार्रवाई तेज की जा रही है तथा पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान भी चलाया जाएगा।
इस मामले में राजबाग थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस तथा वन विभाग की संयुक्त टीम फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि ये तस्कर नशीले पदार्थों की तस्करी में भी शामिल हो सकते हैं और नशे की हालत में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं।






.jpg)








