कोहेफिजा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गई अर्टिगा कार के साथ आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रायसेन जिले से आरोपी को दबोचते हुए वाहन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार विजय नगर लालघाटी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 मई की रात घर के बाहर खड़ी उनकी अर्टिगा कार अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान हुई और फास्टैग तथा मोबाइल लोकेशन के आधार पर वाहन के रायसेन की दिशा में जाने की जानकारी मिली।
इसके बाद रायसेन जिले की उदयपुरा पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी बृजेश सिंह घोषी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गई कार भी बरामद कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद वह फरार चल रहा था और उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था।





.jpg)






