नई दिल्ली, 11 अप्रैल 2026।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री माजिद बिन अब्दुल्ला अल कासबी के साथ वर्चुअल माध्यम से महत्वपूर्ण बातचीत की, जिसमें पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति और आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान पीयूष गोयल ने हाल ही में घोषित युद्धविराम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा स्थापित होगी। उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू बनाए रखने के लिए सऊदी अरब के लोगों के प्रयासों और साहस की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री ने संघर्ष के दौरान हुए हमलों की निंदा भी की और सऊदी अरब में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां की सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। इस दौरान दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि मौजूदा तनाव के कारण क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखलाओं पर प्रभाव पड़ा है, जिसे सामान्य करने के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने व्यापार प्रवाह को सुचारू बनाए रखने और स्थिति को जल्द सामान्य करने की दिशा में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही पीयूष गोयल ने सऊदी अरब और खाड़ी क्षेत्र में भारत के निर्यात को समर्थन देने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी साझा की। दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में भारत और खाड़ी सहयोग परिषद के बीच मुक्त व्यापार समझौते की वार्ता को तेज करने की संभावना पर भी सहमति बनी, ताकि आर्थिक साझेदारी को नई मजबूती मिल सके।












