नवादा जिले के धमाल थाना क्षेत्र में रविवार रात थाने के सामने शराब माफिया ने चौकीदार पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक चौकीदार जितेंद्र पासवान ने घायल अवस्था में पकरीबरावां थाना प्रभारी को दिए बयान में बताया था कि रामपत यादव नामक व्यक्ति इलाके में शराब का कारोबार करता है। उन्होंने बताया कि शराब की सूचना थाने में देने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद उन पर चाकू से हमला किया गया। इससे पहले भी आरोपी द्वारा उन पर हमला किया जा चुका था और इसकी लिखित शिकायत थाने में दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
थाना प्रभारी के अनुसार घायल चौकीदार की मौत इलाज के दौरान सोमवार को हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपित की तलाश जारी है।
मृतक की पत्नी रामपरी ने आरोप लगाया कि रामपत यादव इलाके का बड़ा शराब माफिया है और उसका प्रभाव इतना अधिक है कि लोग तो क्या पुलिस भी उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से बचती है। उन्होंने कहा कि उनके पति ने शराब कारोबार की जानकारी देने की कीमत अपनी जान देकर चुकाई है।
घटना की जानकारी मिलते ही नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान मौके पर पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस का प्रारंभिक कहना है कि यादव और पासवान परिवारों के बीच भूमि विवाद भी चल रहा था, जिसके कारण यह हमला हुआ। दूसरी ओर परिजनों का आरोप है कि चौकीदार द्वारा शराब कारोबार की सूचना देने के कारण उसकी हत्या की गई है।
थाने के सामने हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।












