रांची, 05 मई।
झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में बारिश के बाद तेज धूप निकलने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 11 मई तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मंगलवार को रांची, खूंटी, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग समेत कई जिलों में बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
पिछले चौबीस घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश तेनुघाट में 82.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लातेहार के बालूमाथ में 82 मिलीमीटर, मुसाबनी में 65.8 मिलीमीटर, पुटकी में 64 मिलीमीटर, धालभूमगढ़ में 56.6 मिलीमीटर और नवाडीह में 53.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश देखने को मिली।
तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के कांके में 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मंगलवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और मध्यम गति की हवाएं चलीं। धूप निकलने के कारण उमस और गर्मी में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान इस प्रकार रहा— रांची में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, जमशेदपुर में 36 और 22.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 39.6 और 22.6 डिग्री, बोकारो में 34.5 और 20.6 डिग्री तथा चाईबासा में 35.8 और 22 डिग्री सेल्सियस।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और विशेष रूप से वज्रपात तथा तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।



.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)