जबलपुर, 25 अप्रैल।
खजरी खिरिया क्षेत्र में बिजली लाइन सुधार कार्य के दौरान एक ठेका कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद शनिवार को परिजनों ने अमखेरा-खजरी खिरिया मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम किया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, 51 वर्षीय रंजीत कोरी शुक्रवार को बिजली लाइन की मरम्मत के लिए खंभे पर चढ़े थे, तभी अचानक करंट लगने से वे करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि दोषियों पर कार्रवाई, उचित मुआवजा और मृतक के पुत्र को नौकरी दी जाए। बाद में पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लाइन बंद होने के बावजूद बिना सूचना के बिजली चालू कर दी गई, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने संबंधित लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
बताया गया कि रंजीत कोरी कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों से वंचित थे और स्वयं खंभे पर चढ़े थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने और करंट लगने से वे नीचे गिर पड़े।
विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि प्रारंभिक जांच में रस्सी के हुक के सही से न लगने और संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



.jpg)







