गुवाहाटी, 14 मई।
असम में अवैध प्रवेश की कोशिश कर रहे 12 बांग्लादेशी नागरिकों को सीमा पर रोकने में सुरक्षा एजेंसियों को सफलता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि सीमा सुरक्षा बल और असम पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इन लोगों को राज्य में दाखिल होने से पहले ही पकड़ लिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी में बताया कि यह कार्रवाई देर रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए लगातार निगरानी और सख्त कदम उठाए जा रहे हैं तथा यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है।
डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के अनुसार, बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि करीब 12:20 बजे असम पुलिस और बीएसएफ ने मिलकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए 12 लोगों को राज्य में प्रवेश करने से रोक दिया। हालांकि, किस सीमा क्षेत्र से घुसपैठ की कोशिश की जा रही थी, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अवैध प्रवासन और घुसपैठ के चलते संभावित जनसांख्यिकीय बदलाव को लेकर अपनी सख्त नीति पर कायम रहेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति आगे भी जारी रहेगी।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब राज्य सरकार बांग्लादेश से लगने वाले सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर लगातार सतर्कता बरत रही है।








.jpg)





