आसनसोल, 09 अप्रैल।
आसनसोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बुधवार को सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए हेलीकॉप्टर ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
प्रारंभ में पोलो ग्राउंड स्थित सीसी मैदान में हेलीपैड बनाया गया था, लेकिन ट्रायल के दौरान तकनीकी बाधाएं सामने आने पर लोको ग्राउंड में नया हेलीपैड तैयार किया गया। शाम के समय इस हेलीपैड से हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के आगमन और काफिले के मार्ग को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल और सुरक्षा अभ्यास किए गए।
स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने सभा स्थल से लेकर हेलीपैड तक पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में एसपीजी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इससे पहले एसपीजी के वरिष्ठ अधिकारियों ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर पूरी योजना को अंतिम रूप दिया था।
सभा स्थल, जो पोलो ग्राउंड स्थित आसनसोल स्टेडियम में बनाया गया है, अब हाई सिक्योरिटी जोन में बदल चुका है। पोलो ग्राउंड से कोर्ट रोड तक सुरक्षा का घेरा लगाया गया है। लोको ग्राउंड से सभास्थल तक प्रधानमंत्री के काफिले के मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके। इस व्यवस्था के तहत जनता प्रधानमंत्री की झलक देख सकती है, लेकिन सुरक्षा दूरी पूरी तरह सुनिश्चित की गई है।
प्रधानमंत्री का काफिला लोको ग्राउंड से शुरू होकर कोर्ट रोड होते हुए पोलो ग्राउंड स्थित सभा स्थल तक पहुंचेगा। आसनसोल स्टेडियम में तीन बड़े हैंगर पंडाल बनाए गए हैं, जहां आम जनता के बैठने की व्यवस्था की गई है। सभा स्थल के अंदर सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के जवान तैनात हैं।
पूरा आसनसोल स्टेडियम और आसपास का क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से कड़ा निगरानी क्षेत्र में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


.jpg)




.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
