अशोकनगर, 11 अप्रैल 2026।
मध्यप्रदेश के अशोकनगर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के फंड से 10 लाख रुपये की राशि स्थानांतरित किए जाने का मामला अब विवाद का रूप लेता जा रहा है। शिवपुरी में आयोजित एक स्वास्थ्य शिविर के लिए किए गए इस ट्रांसफर को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता बढ़ने से मामला लगातार गरमाता जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की जयंती के अवसर पर शिवपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के लिए अशोकनगर रेडक्रॉस सोसायटी के खाते से यह राशि भेजी गई थी। हालांकि इस लेनदेन को लेकर प्रक्रिया और पारदर्शिता पर कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
रेडक्रॉस से जुड़े कुछ पदाधिकारियों का आरोप है कि नई कार्यकारिणी को चार महीने बाद भी विधिवत रूप से कार्यभार नहीं सौंपा गया है, जबकि उनकी जानकारी के बिना ही यह राशि ट्रांसफर कर दी गई। इस संबंध में चेयरमैन श्याम कुमरे और राज्यपाल को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया गया है। साथ ही संबंधित दस्तावेज भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
इधर, क्षेत्रीय विधायक इंजी. हरिबाबू राय ने भी प्रशासन से इस विषय पर जवाब तलब किया है। वहीं, भीम आर्मी ने इस मामले को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि राशि वापस नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा और मुद्दे को उच्च स्तर तक उठाया जाएगा।
मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। धीरे-धीरे यह विवाद राजनीतिक रंग लेता जा रहा है और सेवा संस्था की कार्यशैली में पारदर्शिता की मांग तेज हो गई है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच और स्पष्ट जवाब की मांग की जा रही है, जबकि आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर और अधिक सियासी गतिविधियां बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।













