बलरामपुर, 13 मई।
थाना चलगली पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई फर्जी दस्तावेजों के सहारे कोयले के अवैध परिवहन से जुड़े प्रकरण में की है।
पुलिस द्वारा बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 की रात गश्त के दौरान ग्राम डोंगरो में सड़क किनारे एक ट्रेलर वाहन क्रमांक सीजी 13 एएल 4354 संदिग्ध अवस्था में लावारिस खड़ा मिला था, जिसमें बड़ी मात्रा में कोयला लोड था। इसके बाद वाहन को जब्त कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान चालक द्वारा प्रस्तुत कोयला परिवहन से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया, जो पूरी तरह फर्जी और कूटरचित पाए गए। इसके आधार पर थाना चलगली में अपराध दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पूछताछ में बसेराकला निवासी सीताराम ने खुलासा किया कि ट्रांसपोर्टर अफताब खान से लगभग 32 टन कोयला मंगाया गया था, जिसे ग्राम डोंगरो लाया जा रहा था। जांच में ट्रेलर चालक अक्षय कुमार, ट्रांसपोर्टर अफताब आलम और वाहन मालिक विनोद नायक की संलिप्तता सामने आई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को 12 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में अक्षय कुमार निवासी लांची जिला सूरजपुर, अफताब आलम निवासी बोझिया जिला रायगढ़ तथा विनोद नायक निवासी नवापारा जिला रायगढ़ शामिल हैं।










.jpg)


.jpg)

