अपराध
08 May, 2026

बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, दमोह में 12 घरों पर शिकंजा

दमोह में बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए गए अभियान में 12 घरों में अनियमितताएं पकड़ी गईं और करीब दो लाख रुपये की राजस्व हानि दर्ज कर विभाग ने कार्रवाई की।

दमोह, 08 मई

दमोह जिले में बिजली चोरी पर सख्ती करते हुए विद्युत विभाग ने गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाया। अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर गठित टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 12 घरों में बिजली चोरी और अनियमितताएं पकड़ीं। इस कार्रवाई में लगभग दो लाख रुपये की राजस्व हानि सामने आई, जिसके बाद सभी मामलों में विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

विद्युत विभाग के अनुसार यह अभियान कार्यपालन अभियंता एम.एल. साहू के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। इसके लिए चार अलग-अलग जांच दल बनाए गए थे, जिनमें सहायक अभियंता राघवेंद्र इडिपाचे, कनिष्ठ अभियंता पूजा खोब्रागड़े और शिवानी गुप्ता सहित लाइन स्टाफ और आउटसोर्स कर्मियों की टीम शामिल रही।

टीमों ने सिंधी कैंप, मंडी क्षेत्र, तीन गुल्ली चौराहा, खजरी मोहल्ला, नया बाजार और सिविल वार्ड सहित कई स्थानों पर जांच की। निरीक्षण के दौरान कई घरों में मीटर से छेड़छाड़, सीधे केबल जोड़कर बिजली उपयोग और स्वीकृत क्षमता से अधिक लोड चलाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। मौके पर अवैध कनेक्शन काटे गए और तारों को जब्त किया गया।

इस कार्रवाई में नया बाजार निवासी कैलाश चंद जैन, सिविल वार्ड निवासी रज्जाक खान और भगतराम सिंधी, खजरी मोहल्ला निवासी इस्ताक खान, भरत पटेल, राजेंद्र दागौर, हुकुम सिंह, दस्सू पटेल, सिविल वार्ड क्रमांक-10 निवासी मोहनलाल सेन, तीन गुल्ली निवासी विमला स्वर्णकार और मंडी चौराहा निवासी यशवंत सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि विभाग उन उपभोक्ताओं पर विशेष निगरानी रख रहा है जिनकी बिजली खपत अधिक होने के बावजूद बिल असामान्य रूप से कम आ रहे हैं। घरेलू कनेक्शन पर भारी उपकरण और एयर कंडीशनर का उपयोग कर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अधिकारियों के अनुसार बिजली चोरी से ट्रांसफार्मर पर दबाव बढ़ता है, लाइन लॉस और लो-वोल्टेज की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम उपभोक्ता प्रभावित होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जांच अभियान और तेज किया गया है।

अधीक्षण अभियंता ने नागरिकों से वैध कनेक्शन का उपयोग करने और बिजली चोरी की सूचना देने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़