खंडवा, 10 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की प्रसिद्ध तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार को नर्मदा नदी में नाव पलटने की घटना सामने आई, जिसमें झारखंड से आए 10 श्रद्धालु डूब गए, जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार झारखंड के रांची से लगभग 52 श्रद्धालुओं का एक समूह शुक्रवार को ओंकारेश्वर पहुंचा था और दोपहर करीब 12 बजे सभी अलग-अलग नावों के माध्यम से नर्मदा नदी में नौका विहार कर रहे थे।
इसी दौरान एक नाव, जिसमें 10 श्रद्धालु सवार थे, ब्रह्मपुरी घाट से संगम घाट की ओर जा रही थी और नवीन घाट के पास वह चट्टान से टकरा गई, जिससे लकड़ी की नाव का पटिया टूट गया और उसमें पानी भरने लगा।
पानी भरने के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई और उसमें सवार सभी 10 श्रद्धालु डूब गए, जिसके बाद मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया गया है कि इनमें से 8 श्रद्धालुओं की स्थिति सामान्य है, जबकि 2 लोग अधिक मात्रा में पानी निगलने के कारण गंभीर हो गए, जिनके फेफड़ों में पानी भर गया और उन्हें गंभीर अवस्था में ओंकारेश्वर से सनावद रेफर किया गया है।
फिलहाल हादसे में प्रभावित लोगों के नाम और पते की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है तथा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)


.jpg)
