नाहन, 11 मई।
श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब बइला और रेणुका जी को जोड़ने वाले जलाल पुल पर एक 38 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान गांव तिरमली निवासी रमेश्वर के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार रमेश्वर पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। इसी बीच सोमवार सुबह पुल पर उसका शव मिलने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह राहगीरों ने पुल पर शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद साक्ष्य एकत्र कर शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल ददाहू भेजा गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।











