चित्तौड़गढ़, 15 मई।
चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी थाना क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने ज्वार की फसल की आड़ में की जा रही अवैध गांजे की खेती का बड़ा खुलासा किया है। टीम ने मजदूर बनकर खेत में प्रवेश करते हुए 480 हरे पौधे और 860 ग्राम सूखा गांजा बरामद किया तथा खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि बल्दरखा गांव में एक व्यक्ति ने अपने खेत में ज्वार की फसल के बीच बड़े पैमाने पर गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम सादे वस्त्रों में मजदूरों का वेश धारण कर गांव में पहुंची और खेतों में घूमकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान सामने आया कि खेत मालिक नारायणलाल ने ज्वार की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती कर रखी थी।
इसके बाद टीम ने दबिश देकर मौके पर मौजूद नारायणलाल को पकड़ने का प्रयास किया, जो भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। बाद में स्थानीय बस्सी थाना पुलिस को बुलाया गया, जिसने खेत की तलाशी ली और बड़ी मात्रा में गांजा एवं पौधे बरामद किए।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी नारायणलाल को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती करने वालों में हड़कंप मच गया है।










.jpg)
.jpg)



