ग्वालियर, 01 मई
जिले में शुक्रवार से जनगणना कार्य की शुरुआत पूरे उत्साह के साथ की गई। पहले ही दिन प्रगणकों और सुपरवाइजरों के मोबाइल में आवश्यक एप डाउनलोड कराए गए, वहीं शेष कर्मियों को जनगणना किट और पहचान पत्र भी वितरित किए गए। इसके बाद सरकारी कर्मचारियों ने पूरी सक्रियता के साथ कार्य प्रारंभ किया।
शुरुआती चरण में प्रगणकों द्वारा क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार किया गया। जनगणना के लिए पहुंचे कर्मचारियों का स्थानीय लोगों ने आत्मीयता के साथ स्वागत किया और कई स्थानों पर चाय-पानी भी उपलब्ध कराया गया। ग्राम बिल्हेटी में प्रगणकों का विशेष रूप से सम्मान किया गया और उन्हें घर में बैठाकर आदरपूर्वक नाश्ता कराया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में प्रथम चरण के तहत 01 से 30 मई तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डाटा संकलित कर रहे हैं और स्व-गणना के आधार पर पोर्टल पर दर्ज जानकारी का भी सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद सभी आंकड़ों की बहुस्तरीय जांच की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसमें पहले पर्यवेक्षक स्तर पर और फिर चार्ज अधिकारी द्वारा मौके पर जाकर पुनः सत्यापन किया जाएगा।
प्रथम चरण में कुल 34 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है, जिसमें भवन व मकान की स्थिति, परिवार का विवरण, कमरों की संख्या, पेयजल स्रोत, बिजली व्यवस्था, शौचालय सुविधा, रसोई व्यवस्था, ईंधन उपयोग, संचार साधन, परिवहन साधन सहित कई सामाजिक और आर्थिक पहलुओं से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि प्रगणकों को सही और स्पष्ट जानकारी दें, जो पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और किसी भी साक्ष्य के रूप में उपयोग नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, संसाधन वितरण और निर्वाचन परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की आधारशिला बनते हैं।









