दमोह, 14 मई।
थाना बटियागढ़ क्षेत्र में डायल-112 टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक 16 वर्षीय बालिका का बाल विवाह समय रहते रुकवा दिया गया। पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त पहल से नाबालिग बालिका के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की गई।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि थाना बटियागढ़ अंतर्गत ग्राम घुंघस में एक नाबालिग लड़की का विवाह कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 कंट्रोल रूम में पदस्थ महिला आरक्षक विभा तिवारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआरवी टीम को मौके के लिए रवाना किया। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई।
घटनास्थल पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक सोनू पटेल और पायलट धर्मेंद्र राजपूत ने पाया कि गांव निवासी 16 वर्षीय बालिका का विवाह परिजनों द्वारा कराया जा रहा था। उस समय विवाह की रस्में चल रही थीं और बारात के पहुंचने की तैयारी थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 टीम ने तत्काल हस्तक्षेप कर बाल विवाह रुकवाया। बाद में मौके पर पहुंची महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई की। समय रहते हुई इस कार्रवाई से एक नाबालिग बालिका का विवाह रुक सका।








.jpg)





