चित्तौड़गढ़, 15 मई।
महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने शहर और निम्बाहेड़ा क्षेत्र में सादी वर्दी में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी व फब्तियां कसने वाले पांच मनचलों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को मौके पर पकड़कर शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राज्य पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उपाधीक्षक के पर्यवेक्षण में विभिन्न थानों और पेट्रोलिंग यूनिट की संयुक्त टीम गठित की गई थी। सादी वर्दी में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, स्कूलों, कॉलेजों और पार्कों के आसपास निगरानी रखी और महिलाओं व बालिकाओं पर अभद्र इशारे करने वाले मनचलों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए आरोपित पुलिस टीम से उलझने और विवाद करने लगे, जिसके बाद सभी को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में शहर और निम्बाहेड़ा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी शामिल हैं।
पुलिस ने इस दौरान महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए मोबाइल एप और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










.jpg)
.jpg)



