हजारीबाग, 15 मई।
सीएम उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल) का शुक्रवार को उपायुक्त हेमन्त सती ने निरीक्षण किया, जहां उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति और परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। 12वीं कक्षा के अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन पर उन्होंने चिंता व्यक्त की और प्राचार्या निकिता कुमारी से विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। प्राचार्या ने बताया कि कक्षा 6 से 12 तक कुल 520 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और सभी विषयों के लिए 28 शिक्षक कार्यरत हैं। इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देकर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार जरूरी है।
इसके बाद उन्होंने छात्रों की उपस्थिति की समीक्षा की और विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली और उन्हें निरंतर प्रेरित करने पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों को अध्ययन के बेहतर तरीके भी बताए।
उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को गहराई से समझना आवश्यक है और पिछले 10 से 12 वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन नियमित रूप से करना चाहिए। जिन प्रश्नों को समझने में कठिनाई हो, उन्हें शिक्षकों से पूछने तथा मोबाइल का सकारात्मक उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री का लाभ लेने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक अध्याय पूरा होने के बाद नियमित टेस्ट लिए जाएं और विद्यार्थियों को लिखित अभ्यास के लिए प्रेरित किया जाए। इससे छात्रों के प्रदर्शन में सुधार संभव होगा।
अंत में उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का भी अवलोकन किया और प्राचार्या को किसी भी प्रकार की संसाधन संबंधी समस्या प्रशासन के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने छात्रों से अनुशासन के साथ मेहनत और लगन से अध्ययन करने का आह्वान किया।















