गिरिडीह, 06 मई।
सीसीएल बनियाडीह एरिया के सीपी साइडिंग में कोयला चोरों और कर्मियों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खंडीहा निवासी दिलीप दास के रूप में की गई है, जिनकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। बताया गया कि मंगलवार देर रात कोयला खदान साइडिंग में कथित कोयला चोरों और कर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और चाकूबाजी तक की स्थिति बन गई।
घटना के बाद क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पदाधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी में जुटे हैं।
मृतक के भतीजे ने आरोप लगाया है कि दिलीप दास शाम के समय घर से निकले थे और उसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

वहीं साइडिंग में तैनात कर्मियों का कहना है कि बड़ी संख्या में कोयला चोरों ने हाइवा वाहन को रोक लिया और इसके बाद हमला कर दिया गया, जिसमें कई कर्मी घायल हुए और वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
गार्ड पक्ष का दावा है कि इस हमले में लगभग आधा दर्जन सुरक्षा कर्मी घायल हुए हैं और कई को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस एवं सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और विभिन्न पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।






.jpg)



