कानपुर, 06 मई।
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अनुज भारती के अनुसार मृतक की पहचान कोटरा मकरंदपुर निवासी 28 वर्षीय शिवा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सुबह बाइक से सजेती स्थित डेयरी फार्म की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे बिलगवां निवासी राहगीर राजन को भी अपनी चपेट में लेती हुई पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार शिवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहगीर राजन का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





.jpg)




