मीरजापुर, 06 मई।
राजगढ़ थाना क्षेत्र के धनसिरिया गांव के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धनसिरिया गांव निवासी 90 वर्षीय पारसनाथ सिंह सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक के पुत्र दौलत सिंह ने बताया कि पारसनाथ सिंह की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे घर में शोक छा गया।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।












