पूर्वी सिंहभूम, 06 मई।
पूर्वी सिंहभूम के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित मकदमपुर में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद अचानक उग्र होकर हिंसक झड़प में बदल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में छिपने को मजबूर हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जिसे लेकर पहले भी थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते देर रात एक पक्ष के कुछ युवक दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसा में बदल गया।

पहले पक्ष की ओर से नरगिस परवीन ने आरोप लगाया है कि समीर और उसके साथियों ने उनके घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की, घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया तथा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पूरी घटना के लिए समीर और उसके साथियों को जिम्मेदार ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर, दूसरे पक्ष ने भी नरगिस परवीन और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि विवाद की शुरुआत उनकी ओर से हुई, जिसके बाद उनके साथ भी मारपीट की गई। दोनों पक्षों की ओर से परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
झड़प के दौरान हुए पथराव में एक घर का छप्पर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अन्य घरों की खिड़कियां और सामान भी टूट गए। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर नहीं बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बुधवार को बताया कि यह विवाद पुरानी रंजिश का परिणाम है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है, साथ ही दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







.jpg)





