कोलकाता, 12 मई
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आयुष्मान भारत योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” केंद्र की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी रुकावट के जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि लंबे समय तक पश्चिम बंगाल के लोग केंद्र सरकार की स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रहे, लेकिन अब डबल इंजन सरकार के सहयोग से आयुष्मान भारत सहित सभी केंद्रीय योजनाएं अंतिम लाभार्थी तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य अब विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना के लागू होने पर प्रसन्नता जताई थी। उन्होंने कहा था कि अब राज्य के नागरिकों को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें बेहतर और सस्ती चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त होंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत पात्र परिवारों को केंद्र सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलेगा।
यह योजना राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत संचालित की जाती है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराना है। इसकी शुरुआत वर्ष 2018 में की गई थी।







.jpg)


.jpg)