बक्सर, 09 अप्रैल।
बिहार के बक्सर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमले की कथित साजिश का खुलासा किया है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई सिमरी थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान अमन तिवारी के रूप में हुई है, जो सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री गांव का निवासी है। आरोप है कि उसने अमेरिका की खुफिया एजेंसी से संपर्क कर प्रधानमंत्री की हत्या की योजना में सहयोग के बदले बड़ी धनराशि की मांग की थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार देर रात छापेमारी की और आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लैपटॉप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। बताया गया है कि आरोपित ने कथित तौर पर साजिश को अंजाम देने के लिए 22 दिनों का समय मांगा था और इसके एवज में भारी रकम की मांग की थी।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।











.jpg)

