09 अप्रैल, किशनगंज
पुलिस अभिरक्षा में खड़े ई-रिक्शा से कंट्रोलर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित मो. इफ्तेखार आलम ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक किशनगंज को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मो. इफ्तेखार आलम, जो लाईन मोहल्ला के निवासी हैं, ने बताया कि 05 अप्रैल को ट्रैफिक पुलिस ने उनके ई-रिक्शा को नंबर प्लेट नहीं होने के कारण जब्त कर लिया था। उन्होंने 01 अप्रैल को किस्त पर नया ई-रिक्शा खरीदा था और उसका रजिस्ट्रेशन नंबर 08 अप्रैल को प्राप्त हुआ।
ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन मिलने के बाद इफ्तेखार आलम सभी दस्तावेज लेकर थाना पहुंचे। वहां मौजूद अधिकारियों ने उन्हें चाबी देते हुए वाहन से फोटो खिंचवाने और 500 रुपये चालान जमा करने का निर्देश दिया। जब वह ई-रिक्शा के पास गए और उसे स्टार्ट करने का प्रयास किया, तो पाया कि वाहन चालू नहीं हो रहा था। जांच पर पता चला कि ई-रिक्शा का कंट्रोलर चोरी कर लिया गया था।
पीड़ित ने बताया कि वह गरीब हैं और वाहन किस्त पर खरीदा है। वाहन न चल पाने से उनके सामने परिवार का पालन-पोषण और बैंक किस्त जमा करने की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीर जांच कर आवश्यक कार्रवाई और ई-रिक्शा का कंट्रोलर वापस दिलाने की मांग की है, ताकि वह वाहन का उपयोग कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।


.jpg)




.jpg)


.jpg)
.jpg)
