बिहार
09 Apr, 2026

किशनगंज में अशोक सम्राट भवन निर्माण से 40 परिवारों के सामने पुनर्वास संकट

किशनगंज के खोपरापट्टी में प्रस्तावित अशोक सम्राट भवन निर्माण के कारण 40 परिवारों को पुनर्वास की आवश्यकता, परिवारों ने प्रशासन से वैकल्पिक जमीन की मांग की।

09 अप्रैल, किशनगंज 

ठाकुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के खोपरापट्टी में प्रस्तावित अशोक सम्राट भवन के निर्माण के कारण लगभग 40 परिवारों के सामने पुनर्वास का संकट पैदा हो गया है। लंबे समय से सरकारी भूमि पर निवास कर रहे ये परिवार अब अचानक बेघर होने की संभावना से चिंतित हैं और प्रशासन से वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधियों ने नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल के नेतृत्व में ठाकुरगंज अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार से मुलाकात की। इस दौरान सभी 40 परिवारों ने संयुक्त आवेदन सौंपते हुए खुद को भूमिहीन बताया और भवन निर्माण से पहले उनके लिए वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराने की मांग की।

परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से इस स्थान पर रह रहे हैं और अपने जीवन यापन के लिए इस जमीन पर निर्भर हैं। अब अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया और अशोक सम्राट भवन निर्माण की योजना सामने आने से उनकी स्थिति असुरक्षित हो गई है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि भवन निर्माण से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन गरीब और भूमिहीन परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जब तक पुनर्वास की व्यवस्था पूरी नहीं होती, प्रभावित परिवारों को विस्थापित न किया जाए। साथ ही, उन्होंने परिवारों को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि 40 परिवारों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर सभी परिवारों की स्थिति की जांच कराई जाएगी और यदि वे वास्तव में भूमिहीन पाए जाते हैं, तो सरकारी नियमों के अनुसार उन्हें जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी परिवार के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा और सभी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 33°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़