नई दिल्ली, 01 मई।
दिल्ली पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग और डिजिटल डेटा प्रबंधन के क्षेत्र में एक बार फिर देशभर में शीर्ष स्थान हासिल किया है। सीसीटीएनएस प्रगति डैशबोर्ड पर शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए दिल्ली पुलिस ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह लगातार छठा अवसर है जब दिल्ली पुलिस ने यह उपलब्धि हासिल की है।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इससे पहले भी अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2025 में दिल्ली पुलिस ने लगातार पूर्ण अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 में भी अपना शीर्ष स्थान बनाए रखते हुए डिजिटल पुलिसिंग में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखा है।
गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो द्वारा मॉनिटर किए जाने वाले प्रगति डैशबोर्ड पर राज्यों का मूल्यांकन डेटा की गुणवत्ता, मात्रा, समयबद्धता और शुद्धता के आधार पर किया जाता है। इस प्रणाली में थानों की कनेक्टिविटी, डिजास्टर रिकवरी सेंटर, कोर एप्लिकेशन में डेटा प्रविष्टि, पुराने रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण, इलेक्ट्रॉनिक एफआईआर, नागरिक सेवाएं और अंतर-न्यायिक प्रणाली से जुड़े मानकों का मूल्यांकन शामिल होता है।
इस उपलब्धि में क्राइम ब्रांच की सीसीटीएनएस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। टीम द्वारा डेटा की निरंतर निगरानी, सभी जिलों और थानों के साथ त्वरित समन्वय, तकनीकी समस्याओं का समय पर समाधान और नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से प्रणाली को मजबूत बनाया गया।
इसके साथ ही सभी पुलिस जिलों की सक्रिय भागीदारी, समय पर रिकॉर्ड अपडेटिंग और जांच से जुड़े दस्तावेजों का सही डिजिटलीकरण भी इस सफलता का प्रमुख आधार रहा। तकनीकी टीमों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर डिजिटल पुलिसिंग में अपनी श्रेष्ठता साबित की है।










