भोपाल, 14 मई।
देवास जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद घायलों से मिलने उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा गुरुवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने एमवाय अस्पताल और चोईथराम अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जाना और उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर और नि:शुल्क उपचार के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने बर्न वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की ओर से सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उपचार में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को समय पर दवाइयां, आवश्यक जांच और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुसार घायलों के इलाज में पूरी गंभीरता बरती जा रही है।
एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों के उपचार की वर्तमान स्थिति की जानकारी उप मुख्यमंत्री को दी। इस दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।








.jpg)





